scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशमाकपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बीच सुधाकरन के घर के पास सुरक्षा बढ़ाई गई

माकपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बीच सुधाकरन के घर के पास सुरक्षा बढ़ाई गई

Text Size:

अलाप्पुझा, 13 मार्च (भाषा) अलाप्पुझा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बागी नेता जी. सुधाकरन के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह कदम अगले विधानसभा चुनाव में अंबलाप्पुझा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने के सुधाकरन के फैसले पर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद उठाया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बढ़ते तनाव के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुन्नाप्रा पुलिस थाने से गश्ती दल और एक पुलिस वाहन सुधाकरन के घर के पास तैनात किए गए हैं।

यह विरोध प्रदर्शन तब शुरू हुआ, जब बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नेता सुधाकरन ने घोषणा की कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

उनके इस फैसले से नाराज माकपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर के पास पोस्टर लगाए, जिनमें उन्हें ‘गद्दार’ कहा गया और उनके खिलाफ नारे भी लगाए गए।

सुधाकरन कई दशकों तक इस तटीय जिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। अपनी बेदाग छवि और प्रशासनिक अनुभव के लिए मशहूर सुधाकरन ने हाल में कहा था कि वह अपनी पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं करवाएंगे।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि माकपा कार्यकर्ताओं का एक धड़ा सोशल मीडिया पर उन पर निजी हमले कर रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने पार्टी से खुद को अलग करने का फैसला किया।

भाषा वैभव शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments