scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशगारो हिल्स हिंसा: मेघालय के सांसद ने राज्यपाल से शांति बहाल करने के उपायों पर चर्चा की

गारो हिल्स हिंसा: मेघालय के सांसद ने राज्यपाल से शांति बहाल करने के उपायों पर चर्चा की

Text Size:

शिलांग, 12 मार्च (भाषा) मेघालय के सांसद सालेंग ए संगमा ने बृहस्पतिवार को राज्यपाल सीएच. विजय शंकर से मुलाकात कर गारो हिल्स क्षेत्र में हाल में हुई हिंसा को लेकर चर्चा की, और शांति तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आवश्यक उपायों पर बात की। हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी।

तुरा के सांसद ने कहा कि चर्चा का मुख्य उद्देश्य आदिवासी परिषद की चुनावी प्रक्रिया में गैर-आदिवासियों की भागीदारी के मद्देनजर हालिया अशांति के मुद्दों का विश्लेषण करना और संवाद तथा उचित संवैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से उनका समाधान खोजने पर केंद्रित था।

मंगलवार को पश्चिमी गारो हिल्स के चिबिनांग में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) चुनाव के लिए गैर-गारो उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा किए गए प्रदर्शनों के दौरान हुई झड़पों के दौरान हुई।

मेघालय उच्च न्यायालय ने जीएचएसीडी चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने को लेकर अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य बनाने वाली अधिसूचना को मंगलवार को रद्द कर दिया।

संगमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बातचीत में संविधान की छठी अनुसूची से संबंधित मामलों, विशेष रूप से जीएचएडीसी चुनावों में गैर-आदिवासियों की भागीदारी को लेकर हुए विवाद पर भी चर्चा हुई।

सांसद ने कहा, ‘राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि जब भी कोई कानून या अधिसूचना जारी की जाए, तो उसे छठी अनुसूची के तहत निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करना चाहिए। यदि प्रक्रिया में कोई चूक होती है, तो उसे उचित कानूनी और संवैधानिक तरीकों से सुधारा जाना चाहिए।’

भाषा तान्या आशीष

आशीष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments