नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इंडोनेशिया के अपने समकक्ष सुगिओनो से बृहस्पतिवार को बात की।
भारत पश्चिम एशिया संकट के प्रभावों से निपटने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयास तेज कर रहा है।
ईरान और अमेरिका-इजराइल गठबंधन के बीच बढ़ते तनाव के बीच, जयशंकर ने इस सप्ताह ईरान, रूस, जर्मनी और दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों के साथ फोन पर बात की है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो से बात करके खुशी हुई। पश्चिम एशिया संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान किया। द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और संयुक्त आयोग की बैठक जल्द से जल्द आयोजित करने पर सहमति बनी।’’
इंडोनेशिया के विदेश मंत्री ने जयशंकर के साथ हुई बातचीत को ‘‘सार्थक’’ बताया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हम आपसी सहमति से यथाशीघ्र आयोजित होने वाली संयुक्त आयोग की अगली बैठक में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने और क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने पर सहमत हुए।’’
पश्चिम एशिया संकट ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
