scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएनएचएआई समर्थित राजमार्ग इन्फ्रा इनविट के आईपीओ को दूसरे दिन पूर्ण अभिदान मिला

एनएचएआई समर्थित राजमार्ग इन्फ्रा इनविट के आईपीओ को दूसरे दिन पूर्ण अभिदान मिला

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) समर्थित ‘राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट’ (रीट) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली खुलने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को पूर्ण अभिदान मिला।

एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, 6,000 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को 21,33,33,150 यूनिट के मुकाबले 22,30,37,100 यूनिट के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जो 1.05 गुना अभिदान है।

अन्य निवेशकों के खंड को 1.56 गुना अभिदान मिला, जबकि संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 62 प्रतिशत अभिदान मिला है।

राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट ने मंगलवार को बड़े निवेशकों से 1,728 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें एलआईसी, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस और बजाज लाइफ इंश्योरेंस शामिल हैं।

इस इनविट के आईपीओ के लिए 99-100 रुपये प्रति यूनिट का मूल्य दायरा तय किया गया है। यह निर्गम 13 मार्च को बंद होगा।

यह पहल राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे के विस्तार में सार्वजनिक भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस सार्वजनिक निवेश ट्रस्ट का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग संपत्तियों से राजस्व जुटाने की संभावनाओं को खोलना है, साथ ही छोटे और घरेलू निवेशकों के लिए एक उच्च गुणवत्ता वाला लंबी अवधि का निवेश माध्यम तैयार करना है।

निर्गम के मसौदा प्रस्ताव के मुताबिक, राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट के आईपीओ का कुल आकार 6,000 करोड़ रुपये तक है।

इस इनविट के शुरुआती परियोजना समूह में झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक की पांच टोल संग्रह सड़कें शामिल हैं।

ये पांच टोल सड़कें 260 किलोमीटर से अधिक लंबी हैं और ‘स्वर्ण चतुर्भुज’ परियोजना का हिस्सा हैं।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments