नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने बृहस्पतिवार को मोहाली डेवलपमेंट सेंटर के विस्तार की घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि नए परिसर में लगभग 3,000 कर्मचारियों के बैठने की क्षमता होगी।
नए परिसर के शिलान्यास समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब के निवेश प्रोत्साहन, विद्युत एवं स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ-साथ इन्फोसिस के मुख्य वित्त अधिकारी जयेश संघराजका और अन्य उपस्थित थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मान ने कहा, ‘‘इन्फोसिस के मोहाली डेवलपमेंट सेंटर का विस्तार प्रौद्योगिकी और नवाचार के उभरते केंद्र के रूप में पंजाब की स्थिति को मजबूत करता है। इन्फोसिस का 286 करोड़ रुपये की परिसर विस्तार परियोजना से लगभग 2,700 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान मिलेगा और हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह कदम राज्य और आसपास के क्षेत्रों में आईटी परिवेश को बढ़ावा देगा। हम क्षेत्र में प्रौद्योगिकी आधारित और समावेशी आर्थिक वृद्धि को गति देने में इन्फोसिस के निरंतर प्रयासों की उम्मीद करते हैं।”
विस्तार के हिस्से के रूप में बनाया गया नया सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवा और खुदरा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक ग्राहकों के लिए एआई-आधारित समाधान, क्लाउड सेवाएं और डिजिटल परिवर्तन प्रदान करने की इन्फोसिस की क्षमता को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।
वर्तमान में, मोहाली स्थित इन्फोसिस कार्यालय में लगभग 1,000 लोग कार्यरत हैं।
कंपनी ने कहा कि नया परिसर पर्यावरण अनुकूल होगा। इसमें स्मार्ट बिल्डिंग तकनीक, मेम्ब्रेन बायोरिएक्टर प्रौद्योगिकी का उपयोग करके 100 प्रतिशत अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण और उन्नत रेडिएंट ‘कूलिंग’ और ‘हीटिंग’ प्रणाली शामिल होंगे।
इन्फोसिस के मुख्य वित्त अधिकारी संघराजका ने कहा कि यह विस्तार कंपनी की ‘एआई-प्रथम’ रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एकीकृत विकास हमें मजबूत स्थानीय प्रतिभा का लाभ उठाने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और अपने कर्मचारियों को एक मजबूत और लचीला हाइब्रिड कार्य परिवेश प्रदान करने में सक्षम बनाता है। यह विस्तार उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर पैदा करके और क्षेत्र के प्रौद्योगिकी परिवेश को मजबूत करके पंजाब की आर्थिक वृद्धि में भी योगदान देगा।’’
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
