नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) बाहरी दिल्ली के मुंडका में 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक होने पर कथित तौर पर अपने ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बिहार के भागलपुर निवासी गोविंद ने कथित तौर पर मंगलवार देर रात अपने मामा के बेटे कुंदन की गोली मारकर हत्या कर दी और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गोविंद अपनी पत्नी के साथ मुंडका में किराए के मकान में रह रहा था। कुछ महीने पहले कुंदन दिल्ली आया और उनके साथ रहने लगा। दोनों पास की अलग-अलग फैक्टरी में काम करते थे।
जांचकर्ताओं ने बताया कि गोविंद को शक होने लगा था कि कुंदन का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। वह अक्सर दोनों को आपस में बात करते देखता था, जिससे उसका शक धीरे-धीरे गहराता गया और घर में तनाव पैदा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात मामला बढ़ गया और गोविंद ने गुस्से में आकर कथित तौर पर देसी पिस्तौल निकाली और कुंदन के सिर में गोली मार दी। उसने बताया कि कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद गोविंद ने पुलिस को फोन करके घटना के बारे में जानकारी दी।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
