नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) एस्टर डीएम हेल्थकेयर अगले कुछ साल में करीब 4,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय के साथ लगभग 4,080 बिस्तर जोड़ने की तैयारी कर रही है। कंपनी के संस्थापक एवं चेयरमैन आजाद मूपेन ने यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि उसे क्वालिटी केयर इंडिया लिमिटेड (क्यूसीआईएल) के साथ विलय के लिए शेयरधारकों से अंतिम मंजूरी मिल गई है। अन्य विनियामक और राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मंजूरी मिलने के बाद अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही तक यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
मूपेन ने बयान में कहा, ‘‘विलय के बाद बनी इकाई के लिए भारत एक प्रमुख बाजार बना रहेगा। हम अगले कुछ वर्षों में 4,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 4,080 बिस्तर जोड़ने की योजना बना रहे हैं।’’
कंपनी के अनुसार, विस्तार परियोजनाओं में बेंगलुरु में दो नए अस्पताल और मौजूदा अस्पतालों की क्षमता में वृद्धि शामिल है।
भाषा सुमित अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
