scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमखेलकिरण ने लोह को हराया, आयुष, तन्वी और उन्नति स्विस ओपन में हारे

किरण ने लोह को हराया, आयुष, तन्वी और उन्नति स्विस ओपन में हारे

Text Size:

बासेल, 11 मार्च (भाषा) किरण जॉर्ज ने बुधवार को यहां सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू पर सीधे गेम में जीत दर्ज की जबकि स्विस ओपन में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए मिलाजुला दिन रहा।

दुनिया में 42वें नंबर के खिलाड़ी किरण ने अपने शुरुआती दौर के मैच में तीसरी वरीयता प्राप्त लोह को 23-21, 21-19 से हराया। वह अगले दौर में हांगकांग के जेसन गुनावन से भिड़ेंगे।

गुनावन ने पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत का अभियान समाप्त करते किया। भारतीय खिलाड़ी को 21-15, 12-21, 4-21 से हार का सामना करना पड़ा।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने भी अपने शुरुआती मैच में जेस्पर टॉफ्ट और अमाली मैगेलुंड की चौथी वरीयता प्राप्त डेनमार्क की जोड़ी के खिलाफ 21-15, 21-14 से उलटफेर भरी जीत दर्ज की।

यह जोड़ी अब अगले मुकाबले में चीन के गाओ जिया जुआन और वू मेंग यिंग का सामना करेगी।

हालांकि इस सुपर 300 टूर्नामेंट के पहले दौर से आयुष शेट्टी और तन्वी शर्मा सहित कई भारतीय खिलाड़ी बाहर हो गए।

पुरुष एकल में अमेरिकी ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी को कनाडा के ब्रायन यांग के खिलाफ 18-21, 19-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि महिला एकल में चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान ने उन्नति हुड्डा को 21-14, 21-14 से हराया।

भारत को उस समय बड़ा झटका लगा जब विश्व चैंपियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय ने जापान के कोकी वातानबे को वाकओवर दे दिया।

रोहन कपूर और रुतविका शिवानी गड्डे की भारत की मिश्रित युगल जोड़ी को भी रुतानापक ओपथोंग और झेनिचा सुदजाइप्रपरात की थाईलैंड की पांचवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 19-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

इस बीच मंगलवार देर रात सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी ने एंग कीट वेस्ली कोह और जुनसुके कुबो की सिंगापुर की जोड़ी को 21-19, 21-19 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

एच अम्साकरुणन और आरएम अर्जुन ने भी चेन झी रे और लिन यू चीह की चीनी ताइपे की जोड़ी को 21-16, 24-22 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments