नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) फारस की खाड़ी में 28 भारतीय जहाज फंसे हुए हैं, जिन पर 778 नाविक सवार हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता में बताया कि इनमें से 24 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी भाग में 677 नाविकों के साथ मौजूद हैं, जबकि चार जहाज चालक दल के 101 सदस्यों के साथ पूर्वी भाग में हैं।
सिन्हा ने कहा, ‘‘हम सभी जहाजों की सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी, जहाज प्रबंधक और भर्ती एजेंसियां भारतीय दूतावासों और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए समन्वय कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि मंत्रालय फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूदा और बदलती समुद्री स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और पश्चिम एशिया क्षेत्र की समुद्री स्थिति को देखते हुए भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और तैयारी के उपायों को मजबूत किया गया है।
पोत परिवहन महानिदेशालय द्वारा सलाह जारी की गई है जिसमें भारतीय ध्वज वाले सभी जहाजों और भारतीय नाविकों को उन्नत सुरक्षा उपायों को अपनाने और वास्तविक समय के विवरण प्रस्तुत करने सहित ‘रिपोर्टिंग प्रोटोकॉल’ का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
सिन्हा ने कहा कि पूरे भारत में बंदरगाहों का संचालन सुचारू बना हुआ है और प्रमुख बंदरगाहों ने परिचालन संबंधी उपाय लागू किए हैं।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.