भुवनेश्वर, 10 मार्च (भाषा) ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव व विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने मंगलवार को इतिहासकार और पद्म श्री से सम्मानित हरमन कुलके के निधन पर शोक व्यक्त किया।
जर्मनी में जन्मे कुलके ने श्री जगन्नाथ संस्कृति और राज्य की विरासत को वैश्विक स्तर पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सिंह देव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “प्रख्यात इतिहासकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर हरमन कुलके के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं। ओडिशा के इतिहास, संस्कृति और राजनीति पर उनके अग्रणी शोध ने भारतीय संस्कृति के अध्ययन पर अमिट छाप छोड़ी है तथा आने वाली पीढ़ियों के विद्वानों को प्रेरित करता रहेगा। ओडिशा अनुसंधान परियोजना के संस्थापक सदस्य के रूप में, हमारे राज्य की विरासत के अध्ययन में उनका योगदान अतुलनीय है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
पटनायक ने ‘एक्स’ पर कहा, “प्रख्यात इतिहासकार और पद्म श्री से सम्मानित प्रोफेसर हरमन कुलके के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका निधन इतिहास के लिए एक अपार क्षति है। ओडिशा अनुसंधान परियोजना में उनके नेतृत्व और ओडिशा की संस्कृति, इतिहास व श्री जगन्नाथ परंपरा पर उनके अग्रणी शोध ने प्रदेश की समृद्ध विरासत को वैश्विक अकादमिक चर्चा में ला खड़ा किया। मेरी संवेदनाएं व प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
बर्लिन में 1938 में जन्मे कुलके को 2010 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
इससे पहले उन्हें 2005 में ‘द एशियाटिक सोसाइटी’ का स्वर्ण पदक और 2011 में जर्मनी के ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया था।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
