अहमदाबाद, 10 मार्च (भाषा) गुजरात में मंगलवार को पारुल विश्वविद्यालय (वडोदरा) को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ई-मेल मिलने के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर को खाली करा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, राज्य के कई पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले, हालांकि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस ने बाद में इन सभी धमकियों को अफवाह बताया।
पुलिस के अनुसार, वडोदरा स्थित पारुल विश्वविद्यालय को सुबह बम की धमकी वाला एक ई-मेल मिला, जिसके बाद पूरे परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया।
वाघोड़िया पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पुलिस बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), श्वान दस्ता, स्थानीय अपराध शाखा, विशेष अभियान समूह (एसओजी) के कर्मियों के साथ विश्वविद्यालय पहुंची और विशाल परिसर की व्यापक रूप से तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इसमें कुल 65,000 से अधिक छात्र हैं, जिनमें दुनिया के 75 से अधिक देशों के 5,500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय छात्र शामिल हैं।
इसके अलावा, अहमदाबाद, सूरत और राजकोट के डाक तथा पासपोर्ट कार्यालयों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले।
अहमदाबाद विश्वविद्यालय क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक एस.आर.बावा ने पुष्टि की कि बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुलबाई टेकरा इलाके में स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) में सुरक्षा जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
सूरत के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को भी इसी तरह का ई-मेल मिला। एसीपी वी.आर. मल्होत्रा ने बताया कि सुबह 8:45 बजे ‘मद्रास टाइगर्स कोयंबटूर’ नाम से एलेक्सपॉलमेननआउटलुक डॉट कॉम नामक आईडी से एक ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें चेतावनी दी गई थी कि अपराह्न 1:10 बजे तक पासपोर्ट कार्यालय खाली नहीं कराया गया तो आईईडी विस्फोट और पांच सायनाइड कंटेनरों के जरिये बम धमाका किया जाएगा।
धमकी के बाद स्थानीय पुलिस और बीडीडीएस की टीम के पहुंचने पर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। बाद में जांच के बाद इस धमकी को भी अफवाह घोषित कर दिया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
