scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशअर्थजगतसरकार पीएम-कुसुम योजना का नया संस्करण लाने की तैयारी में; कृषि-सौर ऊर्जा पर होगा जोर

सरकार पीएम-कुसुम योजना का नया संस्करण लाने की तैयारी में; कृषि-सौर ऊर्जा पर होगा जोर

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि सरकार पीएम-कुसुम योजना का नया संस्करण लाने की तैयारी में है, जिससे किसान एक ही जमीन पर खेती के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन भी कर सकेंगे।

वर्ष 2019 में 34,422 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ शुरू की गई इस योजना का लक्ष्य कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना और मार्च, 2026 तक 34,800 मेगावाट सौर क्षमता जोड़कर किसानों की सिंचाई लागत कम करना है।

योजना के तहत अब तक देशभर में 10 लाख से अधिक स्वतंत्र सौर कृषि पंप लगाए जा चुके हैं और 13 लाख से अधिक ग्रिड से जुड़े कृषि पंप को सौर ऊर्जा से जोड़ा गया है।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री जोशी ने एक शिखर सम्मेलन में कहा, ‘योजना की समयसीमा नजदीक आ रही है। मैंने प्रधानमंत्री से पीएम-कुसुम 2.0 के लिए अनुरोध किया है।’

मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दूसरा संस्करण बड़े लक्ष्यों और अधिक परिव्यय के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कई राज्य इस योजना के लिए मंत्रालय से सहयोग मांग रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि पीएम-कुसुम 2.0 में 10 गीगावाट का विशेष कृषि-सौर ऊर्जा प्रावधान शामिल होगा।’

मंत्रालय के अनुसार, इस पहल से किसान खेती के साथ बिजली भी पैदा कर सकेंगे, जो ग्रामीण भारत में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का एक नया मॉडल बनेगा।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments