नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) ओलंपियन मनु भाकर मंगलवार को यहां संपन्न राष्ट्रीय चयन ट्रायल तीन (ग्रुप ए) की महिला 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में शीर्ष पर रहीं।
ट्रायल दो की विजेता संयम दूसरे स्थान पर रहीं जबकि ईशा सिंह ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया।
अंतिम क्वालीफायर के रूप में फाइनल में जगह बनाने वाली मनु ने दूसरी सीरीज के अंत में बढ़त बनाई और फिर 246.1 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने संयम को 4.2 अंक से पछाड़ा जिन्होंने 241.9 अंक जुटाए।
एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता ईशा 220.6 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
ईशा ने क्वालीफिकेशन में 580 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। सुरभि राव 578 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। संयम (575) ने छठा जबकि मनु (574) ने आठवां स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय टीम अब बुधवार से यहां कोचिंग शिविर में हिस्सा लेगी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
