scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश के एटा में आंगनवाड़ी केंद्रों से पैसा वसूली का निर्देश देने के आरोप में सीडीओ निलंबित

उत्तर प्रदेश के एटा में आंगनवाड़ी केंद्रों से पैसा वसूली का निर्देश देने के आरोप में सीडीओ निलंबित

Text Size:

एटा (उप्र), 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह जिला समन्वयक से हर आंगनबाड़ी केंद्र से 10 हजार रुपये की व्यवस्था कराने की बात कहते हुए दिख रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीडियो सामने आने के बाद सीडीओ नागेंद्र नारायण मिश्रा को निलंबित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि वीडियो में जिला समन्वयक संजीव पचौरी के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों से धनराशि जुटाने को लेकर चर्चा हो रही है।

सूत्रों के अनुसार, जिला समन्वयक ने इस मांग को मानने से कथित तौर पर इनकार कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन तक इस मामले की जानकारी पहुंची।

जिलाधिकारी कार्यालय से जब इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी गई तो अधिकारियों ने कहा कि वायरल वीडियो के संबंध में वही व्यक्ति अधिक जानकारी दे सकता है जिसने इसे सोशल मीडिया पर डाला है।

इस मामले पर मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “एटा के मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्रा द्वारा कथित रूप से रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के मामले में उनके विरुद्ध नियम के तहत विभागीय कार्यवाही शुरु की गई है और उन्हें निलंबित कर दिया गया है।”

वहीं मिश्रा ने वायरल वीडियो को भ्रामक बताते हुए कहा कि वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

मिश्रा ने कहा कि उन्होंने किसी से भी किसी प्रकार की धनराशि नहीं मांगी। भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments