नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) प्रतिष्ठित ‘अर्नोल्ड पामर इनविटेशनल 2026’ का खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी गोल्फ खिलाड़ी अक्षय भाटिया हीरो इंडियन ओपन में चुनौती पेश करने वाले दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल होंगे।
एशिया के सबसे प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंटों में से एक इंडियन ओपन का आयोजन 26 से 29 मार्च के बीच गुरुग्राम के ‘डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब’ में होगा।
आयोजकों ने मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम में बताया कि इस बार टूर्नामेंट की इनामी राशि बढ़ाकर रिकॉर्ड 2.55 मिलियन डॉलर (लगभग 23.42 करोड़ रुपये) कर दी गई है, जिसमें से विजेता को 4,33,500 डॉलर (लगभग चार करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी।
‘डीपी वर्ल्ड टूर’ और भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में भाटिया के अलावा स्पेन के मौजूदा चैंपियन यूजेनियो चाकारा और बेल्जियम के थॉमस डेट्री (2025 में पीजीए टूर पर फीनिक्स ओपन विजेता), डीपी वर्ल्ड टूर के मौजूदा सत्र के विजेता दक्षिण अफ्रीका के केसी जार्विस, स्पेन के नाचो एल्विरा और जर्मनी के फ्रेडी शॉट जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भाग लेने की पुष्टि कर दी है।
चौबीस वर्षीय बाएं हाथ के खिलाड़ी भाटिया ने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय गोल्फ में बड़ी पहचान बनाई है। उन्होंने अब तक पीजीए टूर पर तीन खिताब और कोर्न फेरी टूर पर एक खिताब जीता है। वह पिछले दो वर्षों में टूर चैंपियनशिप में जगह बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।
‘फेडएक्स कप’ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज भाटिया का यह किसी प्रतियोगिता के लिए भारत का पहला दौरा होगा।
इस आयोजन में पूर्व उपविजेता वीर अहलावत, पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट (2025) के विजेता युवराज संधू, मनु गंडास और शौर्य भट्टाचार्य जैसे खिलाड़ी भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।
भारतीय गोल्फ संघ के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने कहा, “इस बार प्रतियोगिता में बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और इनामी राशि भी बढ़ाकर 2.55 मिलियन डॉलर कर दी गई है। कोर्स की स्थिति भी बेहतरीन है, जिससे टूर्नामेंट का स्तर और ऊंचा होने की उम्मीद है।”
पश्चिम-एशिया में जारी युद्ध की स्थिति के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “कुछ चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन अभी तक किसी भी खिलाड़ी ने आने में कठिनाई की शिकायत नहीं की है। अधिकांश अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चीन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद भारत आएंगे ऐसे में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी उपाध्यक्ष संजय भान ने कहा, “रिकॉर्ड पुरस्कार राशि और भारत तथा दुनिया भर के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों से सजे विश्व स्तरीय टूर्नामेंट के साथ हम इंडियन ओपन के एक और रोमांचक सत्र के लिए उत्सुक हैं।”
भाषा आनन्द पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
