scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशसीबीएसई की 12वीं कक्षा के गणित प्रश्न पत्र के क्यूआर कोड पर ब्रिटिश गायक का वीडियो

सीबीएसई की 12वीं कक्षा के गणित प्रश्न पत्र के क्यूआर कोड पर ब्रिटिश गायक का वीडियो

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं के गणित के प्रश्न पत्र पर छपे एक छोटे से क्यूआर कोड से ब्रिटिश गायक रिक एस्टली के चर्चित गाने “नेवर गोना गिव यू अप” का वीडियो खुल गया।

यह इंटरनेट पर एक चर्चित शरारत बन गई, जिसे ‘‘रिकरोलिंग’’ कहा जाता है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्न पत्र की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगी है।

गणित की बोर्ड परीक्षा नौ मार्च को हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रश्न पत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। छात्रों का दावा था कि प्रश्न पत्र पर छपा क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद यूट्यूब पर 1987 के हिट गाने का वीडियो खुल रहा है।

क्यूआर कोड आमतौर पर बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों में प्रमाणीकरण और सुरक्षा जांच के लिए शामिल किए जाते हैं।

सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया, ‘‘प्रश्न पत्रों में कई सुरक्षा फीचर्स होते हैं, जिनमें क्यूआर कोड भी शामिल हैं ताकि किसी सुरक्षा उल्लंघन की स्थिति में प्रश्न पत्र की प्रामाणिकता जांची जा सके। नौ मार्च को कक्षा 12 की गणित की परीक्षा हुई थी। कुछ प्रश्न पत्रों में ऐसा लगता है कि जब उनमें से किसी एक क्यूआर कोड को स्कैन किया गया, तो वह यूट्यूब वीडियो से जुड़ गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे छात्रों और अभिभावकों के बीच प्रश्न पत्रों की सत्यता को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। लेकिन पुष्टि की जाती है कि प्रश्न पत्र असली हैं और उनकी सुरक्षा में कोई समझौता नहीं हुआ है।’’

बोर्ड ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस की केरल इकाई ने भी इस मुद्दे को उठाया और ‘एक्स’ पर एक छात्र का वीडियो साझा किया।

रिकरोलिंग इंटरनेट पर एक प्रचलित शब्द है, जिसमें उपयोगकर्ता आकर्षक लिंक पर क्लिक करता है, लेकिन उसे सीधे रिक एस्टली के 1987 के हिट गाने ‘नेवर गोना गिव यू अप’ के म्यूजिक वीडियो पर ले जाया जाता है।

भाषा खारी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments