scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशचुनाव टिकट के लिए गांधी परिवार के पैसे मांगने के दावे को हरियाणा कांग्रेस प्रमुख ने खारिज किया

चुनाव टिकट के लिए गांधी परिवार के पैसे मांगने के दावे को हरियाणा कांग्रेस प्रमुख ने खारिज किया

Text Size:

चंडीगढ़, नौ मार्च (भाषा) हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को उन आरोपों को ‘निराधार’ बताकर खारिज कर दिया कि विधानसभा चुनाव के टिकट के बदले एक दंपति से पैसे की मांग की गई थी।

सिंह ने पीटीआई-भाषा से बात करते हुए कहा कि हरियाणा महिला कांग्रेस की एक पूर्व नेता के पति द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘वे पिछले डेढ़ साल से कहां थी? वे मुझसे पहले मिले थे और महिला (हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व नेता) ने हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा व्यक्त की थी। मैंने उनसे कहा कि यह पार्टी तय करेगी।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि चूंकि उन्हें प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रमुख नहीं बनाया गया, इसलिए वे अब ऐसे निराधार आरोप लगा रही हैं। उनमें कोई सच्चाई नहीं है।’

सिंह ने कहा कि उन्हें पता चला है कि महिला कांग्रेस नेता ने इस्तीफा दे दिया है। आरोप सामने आने के बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पहले आरोप लगाया था कि गौरव कुमार ने दावा किया था कि गांधी परिवार ने उनकी पत्नी को बावल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का टिकट देने के बदले दंपति से सात करोड़ रुपये ‘वसूलने’ की कोशिश की थी।

भंडारी ने नयी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में कहा कि कुमार ने कथित व्हाट्सएप चैट साझा की थी जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निजी सहायक शामिल थे। भंडारी ने उन्हें भ्रष्टाचार का ‘प्रथम दृष्टया सबूत’ बताया।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने भी कुमार के दावों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘अंदर से भ्रष्ट’ है।

त्रिवेदी ने पंजाब कांग्रेस की पूर्व नेता नवजोत कौर सिद्धू की टिप्पणियों का भी जिक्र किया, जिन्होंने दावा किया था कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कम से कम 500 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments