नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में होली के दौरान हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण खटीक की हत्या की सोमवार को कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ के ‘मॉडल’ के तहत कार्रवाई की मांग की।
विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेन्द्र जैन ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले में अधिकारियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई ‘अधूरी’ है।
जैन ने कहा, “तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद सरकार की कार्रवाई का हम स्वागत करते हैं। हालांकि, यह कार्रवाई अब भी अधूरी है। मुख्य षड्यंत्रकारी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है।”
उन्होंने कहा, “ ‘योगी मॉडल’ के तहत की गई कार्रवाई की अक्सर चर्चा होती है, लेकिन इस मॉडल को केवल आंशिक रूप से लागू किया गया है। इसे पूरी तरह से लागू किया जाना चाहिए।”
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की एक टीम ने उत्तम नगर में एक आरोपी के घर के ‘अवैध’ हिस्सों को रविवार को ध्वस्त कर दिया, जबकि पीड़ित के परिवार ने सीबीआई जांच और इस हत्याकांड में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंका, जो पास से गुजर रही पड़ोस की एक महिला पर गिर गया और उस पर पानी के छींटे पड़ गए।
इसके बाद, दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई और फिर हिंसक झड़प हो गई।
पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान, कथित तौर पर कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला किया, जिसकी पांच मार्च को अस्पताल में मौत हो गई।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.