ठाणे/मुंबई, आठ मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि सामाजिक प्रगति के लिए महिलाओं का नेतृत्व महत्वपूर्ण है और उनकी सरकार लक्षित योजनाओं तथा अधिक अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
फडणवीस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मीरा-भयंदर क्षेत्र के उत्तान में आयोजित दो दिवसीय ‘विकसित भारत नारी शक्ति संगम’ ग्रामीण महिला नेतृत्व सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
इस आयोजन ने समाज सुधारक डॉ. मुथुलक्ष्मी रेड्डी के मद्रास विधान परिषद में ऐतिहासिक प्रवेश की शताब्दी को भी चिह्नित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की मांग है। सही अवसर मिलने पर महिलाएं असाधारण रूप से सक्षम नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करती हैं।’’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत इस वर्ष 37 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।
इस बीच, फडणवीस ने रविवार को कहा कि राज्य के वन क्षेत्र को 33 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र 300 करोड़ पौधे लगाएगा और वृक्षों के संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए वृक्षारोपण को सरकारी नीति में शामिल करेगा।
मुख्यमंत्री ने यहां ‘वृक्ष वर्धन: द्वितीय अंतरराष्ट्रीय वृक्षारोपण सम्मेलन 2026’ में यह घोषणा की। वृक्षारोपण वृक्षों और झाड़ियों को उगाने का अध्ययन या अभ्यास है।
फडणवीस ने कहा कि वृक्षारोपण मूल रूप से ‘पेड़ों के लिए चिकित्सक’ प्रदान करता है, जिससे विशेषज्ञ उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से पेड़ों के स्वास्थ्य का आकलन करने और संरक्षण उपायों को अपनाने में सक्षम होते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों की मदद से अब शहरों को स्कैन करना और वृक्षारोपण की वैज्ञानिक योजना बनाने के लिए ‘डिजिटल ट्विन’ बनाना संभव हो गया है। डिजिटल ट्विन किसी भौतिक वस्तु, प्रक्रिया या प्रणाली का एक सटीक, वास्तविक समय वाला आभासी मॉडल है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
