scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमदेशउत्तराखंड के राज्यपाल के हेलीकॉप्टर में आयी तकनीकी खराबी, आपात स्थिति में उतारना पड़ा

उत्तराखंड के राज्यपाल के हेलीकॉप्टर में आयी तकनीकी खराबी, आपात स्थिति में उतारना पड़ा

Text Size:

पौड़ी, आठ मार्च (भाषा) उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को लेकर जा रहे हेलीकॉप्टर में रविवार को तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद उसे आपात स्थिति में उतारना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, राज्यपाल टिहरी में आयोजित चार दिवसीय ‘टिहरी लेक फेस्टिवल-हिमालयन ओ टू’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के बाद प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी चमोली जिले के गैरसैंण जा रहे थे, जहां सोमवार से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू होना है।

उन्होंने बताया कि उड़ान के दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे राज्यपाल के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण उसे आपात स्थिति में श्रीनगर स्थित ‘जीवीके’ कंपनी के हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से उतार दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद राज्यपाल को पुलिस अतिथि गृह ले जाया गया, जहां से वह सड़क मार्ग से गैरसैंण के लिए रवाना हुए।

पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राज्यपाल को अतिथि गृह में ठहराने के बाद शाम करीब पांच बजे भारी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से गैरसैंण के लिए रवाना कर दिया गया।

इस बीच, राज्यपाल को सड़क मार्ग से भेजे जाने को लेकर कांग्रेस ने आलोचना की है। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को राज्यपाल के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर सरकार राज्यपाल के लिए दूसरा हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं करा पाई है तो इसे उसकी नाकामी माना जाएगा।’’

भाषा सं दीप्ति खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments