नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली में मार्च की शुरुआत में असामान्य रूप से गर्म मौसम के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 50 वर्षों में इस महीने के पहले सप्ताह में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को यह जानकारी दी।
पिछले 50 वर्षों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में मार्च के पहले सात दिनों के दौरान दर्ज किया गया उच्चतम अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था जो पांच मार्च, 1999 को दर्ज किया गया था।
आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही यह पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन बन गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 2011 से बाद के आंकड़ों से पता चलता है कि मार्च के पहले सप्ताह के दौरान दूसरा सबसे अधिक तापमान 2016 में दर्ज किया गया था, जब चार मार्च को पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।
इस बीच शनिवार को शहर की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दोपहर चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 246 (‘खराब’) था, जबकि एक दिन पहले इसी समय यह 170 (‘मध्यम’) था।
लगातार तीन दिनों तक ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता के बाद यह गिरावट आई है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमानों के अनुसार, अगले दो दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार होकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचने की संभावना है, लेकिन मंगलवार को इसमें फिर से गिरावट आ सकती है।
सीपीसीबी वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक था, और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, महीने के केवल एक सप्ताह के भीतर ही अब तक औसत अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 2022 के बाद से सबसे अधिक है।
2022 में, मार्च महीने का औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली में मार्च महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस है, जो 31 मार्च, 1945 को दर्ज किया गया था।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
