हरिद्वार, सात मार्च (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई की टोली बैठक हुई जिसमें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन विस्तार करने एवं सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई। यह जानकारी भाजपा नेताओं ने दी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि पार्टी सांसद और विधायक, कार्यकर्ता और जनता के बीच जाएं।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में चुनावी वर्ष के मद्देनजर पार्टी को शाह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ जिसमें उन्होंने सभी लोगों को कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार पर जोर देने को कहा।
भट्ट ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं को लक्ष्य बनाकर उनका निवारण किया जाए। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में तय हुआ कि राज्य के सभी सांसद और विधायक 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाएंगे और उनके मुद्दों और व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उनके निवारण का प्रयास करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि इसी तरह संगठन विस्तार के क्रम में बूथ एवं मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों एवं विभागों की इकाइयों का शीघ्र गठन किया जाएगा जिनके आधार पर पार्टी की सक्रियता को पहले से अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश में मतदाता सूची की शीघ्र शुरू होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर भी चर्चा की गयी, जिसकों देखते हुए तय किया गया कि बूथ स्तरीय एजेंट बनाने के काम को शत प्रतिशत पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे चुनावी दृष्टि से पार्टी अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।
भाजपा की टोली बैठक में भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा प्रदेश के मंत्री, केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल भी मौजूद थे।
भाषा दीप्ति अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
