scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशसपा को बदनाम करने वाले गाने को लेकर पार्टी प्राथमिकी दर्ज कराएगी : अखिलेश यादव

सपा को बदनाम करने वाले गाने को लेकर पार्टी प्राथमिकी दर्ज कराएगी : अखिलेश यादव

Text Size:

लखनऊ, सात मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि सपा को बदनाम करने वाले गाने के खिलाफ उनकी पार्टी प्राथमिकी दर्ज कराएगी।

अखिलेश ने यहां सपा के राज्य मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर सपा को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह गाना उनकी पार्टी की छवि खराब करने के लिए एक राजनीतिक अभियान के तहत जारी किया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “ भाजपा, समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना जारी किया गया है और हम इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।”

उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सपा प्रमुख ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक स्क्रीन पर यह गाना भी चलवाया जिसके बोल यह इशारा कर रहे थे कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में वापस आई तो गुंडागर्दी बढ़ जाएगी। हालांकि, गाने में भारतीय जनता पार्टी अथवा सरकार से कोई सीधा लिंक साफ तौर पर नहीं दिखाया गया था।

इस बारे में अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी अभी भी प्राथमिकी दर्ज करायेगी और देखेगी कि गाना बनाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई या नहीं।

उन्होंने कहा, ‘अगर कोई कार्रवाई नहीं की गयी, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह काम किसके संरक्षण में हो रहा है।’

भाजपा सांसद एवं भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी ने होली के विषय पर एक गाना जारी किया था, जिसमें सपा और अखिलेश यादव पर मजाक उड़ाया गया।

कथित वीडियो में यादव जैसा मास्क पहने एक व्यक्ति दिखाया गया था। इस गाने पर पहले जवाब देते हुए यादव ने कहा था कि तिवारी ने अपना राजनीतिक सफर समाजवादी पार्टी से शुरू किया था और चूंकि गाना होली से जुड़ा था, इसलिए किसी को बुरा नहीं लगना चाहिए।

उन्होंने कहा था, ‘अगर समाजवादी पार्टी भी ऐसा गाना जारी करती है, तो किसी को बुरा नहीं लगना चाहिए।’

कुछ दिनों बाद, समाजवादी पार्टी ने तिवारी जैसा मास्क पहने एक व्यक्ति का एक छोटा वीडियो गाना जारी किया, जिसमें उनके राजनीतिक सफर का मज़ाक उड़ाया गया और आरोप लगाया गया कि उन्हें उनकी पार्टी में साइडलाइन कर दिया गया और दिल्ली का मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया।

भाषा

किशोर आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments