हैदराबाद, सात मार्च (भाषा) तेलंगाना सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि सुपरस्टार चिरंजीवी को एनटीआर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए चुना गया है।
सरकार ने बताया कि भारतीय फिल्म जगत की शख्सियत को दिया जाने वाला पैडी जयराज फिल्म पुरस्कार अभिनेता कमल हासन को दिया जाएगा।
तेलंगाना फिल्म विकास निगम अध्यक्ष वेंकट रमण रेड्डी, अभिनेता-लेखक तनिकेल्ला भरानी, संगीत निर्देशक मणि शर्मा, निर्माता तम्मारेड्डी भारद्वाज और जूरी के अन्य सदस्यों ने ‘तेलंगाना गदर फिल्म पुरस्कार 2025’ (टीजीएफए) की विभिन्न श्रेणियों के तहत विजेताओं के नाम यहां उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क को सौंपे।
चिरंजीवी और हासन को ये पुरस्कार सरकार द्वारा घोषित विशेष पुरस्कारों का हिस्सा हैं।
कलाकारों और तकनीशियनों के लिए व्यक्तिगत पुरस्कारों की श्रेणी में, सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता अक्किनेनी एन चैतन्य (थंडेल) और सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री रश्मिका मंदाना (द गर्ल फ्रेंड) को चुना गया है।
तेलुगु फिल्म निर्देशक के लिए बी एन रेड्डी फिल्म पुरस्कार निर्देशक एस. श्रीनिवास राव को दिया गया है। वरिष्ठ निर्माता सी अश्विनी दत्त को तेलुगु निर्माता के लिए नागी रेड्डी और चक्रपाणि फिल्म पुरस्कार के लिए चुना गया है।
तेलुगु फिल्म कलाकार के लिए टी एल कांत राव फिल्म पुरस्कार आर नारायण मूर्ति को दिया जाएगा, जबकि निर्माता रमेश प्रसाद को रघुपति वेंकैया फिल्म पुरस्कार (कलाकार के अलावा) से सम्मानित किया जाएगा।
गीतकार सुद्दला अशोक तेजा को सी नारायण रेड्डी फिल्म पुरस्कार (तेलुगु सिनेमा के गीतकार, लेखक) के लिए चुना गया है और जयसुधा को अक्कीनेनी नागेश्वर राव फिल्म पुरस्कार (महिला) के लिए चुना गया है।
फीचर फिल्मों की श्रेणी में, ‘राजू वेड्स रामबाई’, ‘दंडोरा’ और ‘द ग्रेट प्री वेडिंग शो’ को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय सर्वश्रेष्ठ फिल्मों के रूप में चुना गया है।
दिसंबर 2023 में सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने दिवंगत लोक गायक गदर के नाम पर फिल्म पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोकप्रिय अभिनेता पवन कल्याण ने अपने बड़े भाई चिरंजीवी को एनटीआर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए चुने जाने पर प्रसन्नता जतायी। उन्होंने एक बयान में अन्य पुरस्कार विजेताओं को भी बधाई दी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
