scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशपंजाब: मोल्दोवा सीमा पर वांछित गैंगस्टर अमृतपाल को हिरासत में लिया गया

पंजाब: मोल्दोवा सीमा पर वांछित गैंगस्टर अमृतपाल को हिरासत में लिया गया

Text Size:

चंडीगढ़, सात मार्च (भाषा) पंजाब के व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए फोन करने में शामिल और जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े वांछित गैंगस्टर अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा सीमा पर हिरासत में लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस के अनुरोध पर केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।

यादव ने बताया कि अमृतपाल सिंह उर्फ ​​अमृत दलम, पंजाब में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और फरार होकर काफी समय से विदेश में है।

उन्होंने कहा कि उसकी गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय समन्वय और पुलिस एजेंसियों द्वारा निरंतर की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप हुई है।

डीजीपी ने कहा कि उसे अब भारत प्रत्यर्पित कराने के लिए कानूनी और राजनयिक प्रक्रियाएं चल रही हैं ताकि वह कानून का सामना कर सके।

यादव ने कहा, ‘अमृत दलम की गिरफ्तारी विदेशों में न्याय से बच रहे अपराधियों का पता लगाने करने और वापस लाने के हमारे निरंतर प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।’

पुलिस ने बताया कि विदेश में रहने वाला अमृतपाल, जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के साथ नजदीकी संबंध थे। वह विशेष रूप से अमृतसर क्षेत्र में व्यक्तियों और व्यापारियों को निशाना बनाकर जबरन वसूली के लिए फोन करने में सक्रियता से लगा रहता था था।

अमृतपाल गुरदासपुर के बटाला में किला लाल सिंह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दलम नंगल का रहने वाला है।

उस पर मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े कम से कम चार अलग-अलग मामलों में आरोप हैं। ये मामले गुरदासपुर में दर्ज हैं।

पंजाब पुलिस ने विदेश में रहने वाले 61 ऐसे गैंगस्टर की पहचान की है जो पंजाब में अपने स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को विदेश से ही अंजाम दे रहे हैं। अमृतपाल भी उनमें से एक है।

भाषा

शुभम माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments