scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमखेलसैंटनर ने कहा, करोड़ों भारतीयों के दिल को तोड़ने के लिए तैयार हैं

सैंटनर ने कहा, करोड़ों भारतीयों के दिल को तोड़ने के लिए तैयार हैं

Text Size:

(कुशान सरकार)

अहमदाबाद, सात मार्च (भाषा) न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि जब दुनिया युद्ध की विभीषिका झेल रही है तब उनकी टीम रविवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप में करोड़ों भारतीयों के दिल को तोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

सैंटनर वर्तमान समय के अन्य कप्तानों की तरह जोशीले नहीं हैं और ना ही वह मजाक करते हैं लेकिन उनकी हाजिरजवाबी से दर्शक ठहाके लगा देते हैं। वह फाइनल से पहले हर तरह के सवाल का जवाब देने के लिए तैयार थे जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष भी शामिल है जिसके कारण मध्य-पूर्व के हवाई क्षेत्र को प्रभावी रूप से बंद कर दिया गया है।

सैंटनर से एक सवाल यह भी किया गया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण जब मानव जीवन दांव पर लगे हों तो ऐसे में टी20 विश्व कप फाइनल जीतने का कितना महत्व है।

उन्होंने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘इससे बचना या इसे अनदेखा करना मुश्किल है क्योंकि इससे सभी लोग प्रभावित हो रहे हैं। विश्व कप में शामिल लोग भी इससे प्रभावित हुए हैं।’’

दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें क्रमशः कोलकाता और मुंबई में फंसी हुई हैं। सैंटनर ने स्वीकार किया कि जब लोग घर नहीं लौट पा रहे हों तो केवल फाइनल पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल है, लेकिन उनके हाथ में अभी केवल यही काम है।

उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ी घर नहीं लौट पा रहे हैं। ऐसे में तब केवल मैच के बारे में सोचना मुश्किल है। इसे अपने दिमाग से निकालना एक चुनौती है। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए यह सोचना महत्वपूर्ण है कि कल एक बहुत ही अच्छी भारतीय टीम के खिलाफ हमारा प्रदर्शन कैसा रहेगा।’’

न्यूजीलैंड पिछले 11 वर्षों में पांच बार आईसीसी के किसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है लेकिन उसे दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा।

सैंटनर ने कहा , ‘‘हम मैदान पर उतरते हैं और एक टीम के रूप में अपना काम करते हैं। इस बार भी इसमें कोई बदलाव नहीं आएगा। निश्चित रूप से यह एक चुनौती होगी, क्योंकि हर कोई जानता है कि हम शायद जीत के प्रबल दावेदार नहीं हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ यह कहना आसान है कि यह बस एक और मैच की तरह है लेकिन हर कोई जानता है कि ऐसा नहीं है। इसके लिए आपकी अच्छी रणनीति और तैयारी होनी चाहिए।’’

सैंटनर ने कहा, ‘‘विशेषकर टी20 क्रिकेट में कुछ ही पलों में पासा पलट जाता है। इन पलों में आप विपक्षी टीम पर दबाव बना सकते हैं या उनका फायदा उठा सकते हैं। मुझे लगता है कि हमने हाल के मैचों में यही देखा।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments