scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतईरान संघर्ष: ईंधन आपूर्ति ठप होने से गुजरात के मोरबी में लगभग 100 सिरेमिक इकाइयां बंद

ईरान संघर्ष: ईंधन आपूर्ति ठप होने से गुजरात के मोरबी में लगभग 100 सिरेमिक इकाइयां बंद

Text Size:

मोरबी (गुजरात), छह मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति में आए व्यवधान के चलते गुजरात के मोरबी जिले में लगभग 100 सिरेमिक विनिर्माण इकाइयां बंद हो गई हैं।

उद्योग प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो अगले कुछ दिनों में अन्य 400 कारखाने भी बंद हो सकते हैं।

मोरबी सिरेमिक मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (विट्रीफाइड टाइल्स खंड) के अध्यक्ष मनोज अरवड़िया ने कहा कि यदि प्रोपेन गैस की आपूर्ति बहाल नहीं होती है और आपूर्तिकर्ता स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने में विफल रहते हैं, तो आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है।

अरवड़िया ने संवाददाताओं से कहा, ”युद्ध जैसी मौजूदा स्थिति के कारण पिछले दो दिनों से प्रोपेन गैस उपलब्ध नहीं है और ईंधन पर निर्भर लगभग 100 इकाइयां पहले ही बंद हो चुकी हैं।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो प्रोपेन का उपयोग करने वाली लगभग 400 और इकाइयां एक सप्ताह के भीतर परिचालन बंद करने के लिए मजबूर हो सकती हैं।

मोरबी दुनिया के सबसे बड़े सिरेमिक विनिर्माण केंद्रों में से एक है, जहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए टाइल्स और अन्य सिरेमिक उत्पाद बनाने वाली सैकड़ों इकाइयां स्थित हैं।

अरवड़िया ने कहा कि गुजरात गैस द्वारा आपूर्ति की जाने वाली गैस पर निर्भर इकाइयां वर्तमान में चल रही हैं, लेकिन सीमित उपलब्धता के कारण उनका भविष्य भी अनिश्चित दिख रहा है। उन्होंने कहा, ”गुजरात गैस के ग्राहक अभी भी काम कर रहे हैं, लेकिन यदि हम वर्तमान उपलब्धता (जो लगभग 50 प्रतिशत है) के आधार पर गणना करें, तो वे इकाइयां भी 20 मार्च तक बंदी का सामना कर सकती हैं।”

ईंधन आपूर्ति में व्यवधान ने निर्यात प्रतिबद्धताओं को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, ”निर्यात के जो ऑर्डर हम पहले ही तैयार कर चुके हैं, उन्हें भेजा नहीं जा सकता। कई नए निर्यात ऑर्डरों को भी रोक दिया गया है।”

उद्योग में काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी स्थिति गंभीर है। अरवड़िया ने कहा कि संकट के बावजूद कारखाने अधिकांश मजदूरों को काम पर रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने स्थिति पर चिंता व्यक्त की है और उद्योग को सहायता प्रदान करने के लिए जानकारी मांगी है।

भाषा अजय पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments