scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअमित शाह ओडिशा में 3,275 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

अमित शाह ओडिशा में 3,275 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

Text Size:

भुवनेश्वर, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे, जहां वह 3,275 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के स्थापना दिवस समारोह समेत कई अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यहां एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि शाह का पहले बृहस्पतिवार शाम भुवनेश्वर पहुंचने का कार्यक्रम था लेकिन अब उनके सुबह करीब 10:15 बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है।

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री 1,159.03 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और 2,116.06 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

शाह, कटक जिले के मुंडाली इलाके में सीआईएसएफ के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे और वहां लगभग दो घंटे बिताएंगे।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद वह ‘इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड’ (इफको) के सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र का उद्घाटन करने के लिए पारादीप जाएंगे।

जगतसिंहपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विभु प्रसाद तराई ने कहा, ‘‘शाह पारादीप इफको परिसर में एक सभा को संबोधित करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री सहकारिता विभाग, डेयरी, युवा सशक्तीकरण और किसान कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

शाह खुर्दा जिले में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के भुवनेश्वर परिसर की आधारशिला रखेंगे।

अधिकारी ने बताया कि वह भुवनेश्वर में एनएफएसयू के ट्रांजिट परिसर का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और नए आपराधिक कानूनों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।

भाषा यासिर वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments