scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशपंजाब के गुरदासपुर में जौहरी के परिवार को बंधक बनाया, तीन करोड़ रुपये लूटे

पंजाब के गुरदासपुर में जौहरी के परिवार को बंधक बनाया, तीन करोड़ रुपये लूटे

Text Size:

चंडीगढ़, पांच मार्च (भाषा) पंजाब के गुरदासपुर जिले में बृहस्पतिवार को चार अज्ञात लोगों ने एक जौहरी के परिवार को हथियार का भय दिखा कर कथित तौर पर बंधक बना लिया और लगभग तीन करोड़ रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘‘राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की भयावह झलक’’ बताया।

पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

परिवार के अनुसार, लुटेरे सुबह करीब 8:15 बजे उनके घर में यह पूछने के बहाने घुस गए कि क्या उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया है।

परिवार ने बताया कि घर में घुसने के बाद, उनमें से एक ने हथियार निकाल लिया और परिवार को घर में रखी नकदी और कीमती सामान सौंपने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि सभी हमलावर हथियारबंद थे।

लुटेरों ने परिवार के सदस्यों, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे, के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप चिपका दिया। चाबियां लेकर लुटेरों ने लॉकरों से 30 से 40 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लूट लिए।

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि लूटे गए हुए सामान की कुल कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये है।

गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने घटनास्थल का दौरा किया और परिवार से मुलाकात की।

एसएसपी ने कहा, “हमने परिवार से बात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि लुटेरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।”

भाषा सुभाष शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments