scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशकर्नाटकः लोकायुक्त पुलिस ने आठ सरकारी अधिकारियों से जुड़े 42 स्थानों पर छापे मारे

कर्नाटकः लोकायुक्त पुलिस ने आठ सरकारी अधिकारियों से जुड़े 42 स्थानों पर छापे मारे

Text Size:

बेंगलुरु, पांच मार्च (भाषा) कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने बृहस्पतिवार को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में आठ सरकारी अधिकारियों से जुड़े 42 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें करीब 35.65 करोड़ रुपये की संपत्ति व कीमती सामान का खुलासा हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में कर्नाटक के विभिन्न जिलों में आरोपी अधिकारियों के घरों और दफ्तरों के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों के आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।

लोकायुक्त के अनुसार, बेंगलुरु, मांड्या, गडग, मैसुरू, विजयपुरा और यादगीर स्थित लोकायुक्त पुलिस थानों में आठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामलों में दर्ज शिकायतों के बाद यह तलाशी अभियान चलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान 24.05 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां और 11.59 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां सामने आईं, जिससे बरामद कुल संपत्ति का मूल्य 35.65 करोड़ रुपये हो गया।

लोकायुक्त के बयान के अनुसार, आरोपियों में बेंगलुरु के येलहांका तालुक के सिंगनायकनहल्ली रैता सेवा सहकार संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शशिधर आर. के कथित रूप से 5.15 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति इकट्ठा करने का पता चला, जिसमें 4.25 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 90.59 लाख रुपये की चल संपत्ति शामिल है।

बयान के अनुसार, हेब्बल स्थित वेटरनरी कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर एच.सी. इंद्रेश के पास 2.53 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति होने का पता चला, जिसमें 2.20 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां और 32 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्तियां शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में तैनात मुख्य अभियंता वसंत वालप्पा नाइक के पास 6.40 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति मिली, जिसमें 5.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 74 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि मंड्या जिले में पीडब्ल्यूडी के सहायक कार्यकारी अभियंता सतीश एस. के पास 4.46 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति पाई गई, जबकि गडग में तैनात तालुक पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एम.के. सुरकोड के पास कुल 2.12 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली।

अधिकारियों ने बताया कि लोकायुक्त पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है।

भाषा

पवनेश सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments