scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशआर एन रवि बंगाल के नये राज्यपाल नियुक्त, सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया

आर एन रवि बंगाल के नये राज्यपाल नियुक्त, सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार रात को कई राज्यों के राज्यपालों की नियुक्तियां कीं, जिसके तहत तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया।

रवि ने सी वी आनंद बोस का स्थान लिया है, जिन्होंने दिन में इस्तीफा दे दिया था।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने बोस का पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। सक्सेना ने कविंदर गुप्ता की जगह ली है, जिन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, तेलंगाना के वर्तमान में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि (भाजपा के) वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments