scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशअर्थजगतआइकिया को 2027- 28 तक लाभ में आने की उम्मीद, चार-पांच साल में 25 नए स्टोर खोलेगी

आइकिया को 2027- 28 तक लाभ में आने की उम्मीद, चार-पांच साल में 25 नए स्टोर खोलेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) स्वीडन की फर्नीचर और घरेलू साज-सज्जा उत्पाद बेचने वाली कंपनी आइकिया को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027-28 के अंत तक भारत में उसका कारोबार मुनाफे में आ जाएगा।

कंपनी के भारत में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटनी ने कहा कि आइकिया अगले चार से पांच साल में 25 नए छोटे और मध्यम आकार के स्टोर खोलने की योजना बना रही है।

एंटनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कंपनी मुनाफे में आने के लिए अपनी कमाई बढ़ाने, स्टोर की संख्या बढ़ाने, खर्चों में कटौती करने और स्थानीय स्तर पर सामान की खरीद बढ़ाने पर जोर दे रही है।

उन्होंने बताया कि आइकिया के लिए भारत दुनिया के शीर्ष तीन सबसे महत्वपूर्ण देशों में से एक है, जहां वह अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है।

ताजा वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में आइकिया इंडिया का घाटा बढ़कर 1,299.4 करोड़ रुपये रहा और राजस्व में भी मामूली गिरावट आई। साथ ही, विस्तार के लिए किए जा रहे निवेश के कारण कंपनी पर कर्ज भी बढ़ा है। हालांकि, कंपनी भारत में लंबी अवधि की संभावनाओं को लेकर उत्साहित है और ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों तरीकों को मिलाकर काम कर रही है।

वित्तीय आंकड़ो के मुताबिक विस्तार योजनाओं के कारण कंपनी का कुल कर्ज भी बढ़कर 8,335.20 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी अपने स्टोर नेटवर्क को बढ़ाने और ग्राहकों तक पहुंच मजबूत करने के लिए निवेश कर रही है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments