scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलपश्चिम एशिया संकट: अल्बानिया में फंसी महिला पहलवान सुरक्षित भारत लौटी

पश्चिम एशिया संकट: अल्बानिया में फंसी महिला पहलवान सुरक्षित भारत लौटी

Text Size:

भोपाल, पांच मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अल्बानिया में फंसी मध्यप्रदेश की महिला पहलवान प्रियंशी प्रजापति सुरक्षित भारत लौट आई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनकी सुरक्षित वापसी पर खुशी जताई है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रियंशी राज्य के उज्जैन की रहने वाली हैं। वह अल्बानिया की राजधानी तिराना में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज में भाग लेने गई थीं लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वहां फंस गई थीं।

अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री यादव ने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर प्रयास किए।

प्रियंशी के पिता मुकेश प्रजापति ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘प्रियंशी बृहस्पतिवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे भारत लौट आई।’’

अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री यादव ने चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर प्रियंशी को बधाई भी दी। मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को उज्जैन में प्रियंशी के परिवार से वीडियो कॉल के जरिये बातचीत भी की।

प्रियंशी के पिता ने बेटी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री यादव और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि प्रियंशी ने 24 से 28 फरवरी के बीच अल्बानिया में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 26 फरवरी को रजत पदक हासिल किया।

भाषा दिमो राजकुमार सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments