scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलअर्जुन तेंदुलकर ने भव्य समारोह में सानिया चंडोक से शादी की

अर्जुन तेंदुलकर ने भव्य समारोह में सानिया चंडोक से शादी की

Text Size:

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे और क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर ने बृहस्पतिवार को उद्यमी सानिया चंडोक के साथ मुंबई के ‘द सेंट रेजिस मुंबई’ में भव्य समारोह में विवाह किया।

इस हाई-प्रोफाइल शादी में खेल, मनोरंजन और राजनीति जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।

अर्जुन ने भारत के लिए अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेला है और इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में वह गोवा क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं।

दुल्हन सानिया उद्योगपति रवि घई की पोती हैं और पशु-चिकित्सा (वेटरिनरी) क्षेत्र में उद्यमी के तौर पर काम कर रही हैं।

समारोह में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह, पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, वेंकटेश प्रसाद और मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले शामिल थे।

इसके अलावा पूर्व भारतीय खिलाड़ी और सीनियर पुरुष चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर, चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, पीयूष चावला, पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान तथा बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।

बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन, अभिषेक बच्चन और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन, शाहरुख खान और उनका परिवार, आमिर खान, आशा भोसले और सोनू निगम समेत कई गणमान्य व्यक्ति शादी में उपस्थित थे।

मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी, उनके बेटे आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका अंबानी तथा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे भी शादी में शामिल हुए।

भाषा आनन्द आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments