चेन्नई, चार मार्च (भाषा) तमिलनाडु में विपक्षी अन्नाद्रमुक ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए अपने मौजूदा सांसद एम. थंबीदुरई को बुधवार को उम्मीदवार घोषित किया, जबकि सहयोगी पीएमके को एक सीट दी।
अन्नाद्रमुक की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी ने पीएमके (अंबुमणि गुट) को एक सीट आवंटित की है, जो राज्य में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है।
इस बीच, अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता डी जयकुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसकी आधिकारिक घोषणा गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करने के लिए गठित चुनाव समिति द्वारा की जाएगी।
तमिलनाडु में राजग की अगुवाई अन्नाद्रमुक कर रही है। इसके घटक दलों में भाजपा और टीटीवी दिनाकरन की एएमएमके शामिल है।
पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘सीट बंटवारे पर बातचीत पूरी तरह से आंतरिक मामला है। अन्नाद्रमुक ने इसके लिए एक चुनाव समिति का गठन किया है। मैं एक अन्य समिति का हिस्सा हूं जो घोषणापत्र तैयार कर रही है। इसलिए, चुनाव समिति ही आधिकारिक तौर पर सीटों की संख्या के बारे में जानकारी देगी।’’
जयकुमार विधानसभा चुनावों में भाजपा द्वारा अधिक सीटों की मांग के बारे में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
टीवीके नेता विजय द्वारा अपनी पार्टी की रैली में अन्नाद्रमुक पर हमला करने के बारे में पूछे गए एक अन्य प्रश्न के उत्तर में जयकुमार ने कहा कि अभिनेता-राजनेता को पहले मीडिया से मिलना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मीडिया से मिलने और उनके सवालों का जवाब देने के बजाय, विजय (टीवीके नेताओं) आधव अर्जुन और अरुण राज द्वारा पहले से तैयार किए गए भाषण दे रहे हैं।’’
जयकुमार ने विजय पर हमला जारी रखते हुए कहा कि टीवीके सरकार में सत्ता-साझेदारी का प्रस्ताव देने के लिए तैयार होने के बावजूद, एक भी पार्टी उसके साथ गठबंधन करने के लिए आगे नहीं आई।
भाषा सुभाष शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
