मुंबई, चार मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान परिषद में बताया कि केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि वे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में फंसे लोगों की अपने-अपने स्तर पर निकासी अभियान ना चलाएं क्योंकि इससे अव्यवस्था फैल सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
फडणवीस ने कहा, “जब महाराष्ट्र के निवासी खाड़ी क्षेत्र में फंस गए तो राज्य सरकार ने उन्हें वापस लाने का सुझाव दिया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा कि अगर सभी राज्य इसी तरह से काम करेंगे, तो इससे अव्यवस्था फैल जाएगी। इसके अलावा, हवाई मार्ग भी सुरक्षित नहीं है।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को सूचित किया गया कि निकासी प्रक्रिया केवल केंद्र सरकार द्वारा की जानी चाहिए।
फडणवीस ने कहा, “केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए परामर्श जारी करते हुए कहा है कि वह खाड़ी देशों में फंसे लोगों को निकालेगी। इसलिए, हम इस दिशा में आगे नहीं बढ़ रहे हैं। केंद्र ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले दो से तीन दिन में स्थिति सुधर जाएगी।”
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
