हैदराबाद, चार मार्च (भाषा) हैदराबाद में पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी में रुकावट डालने और एक होमगार्ड पर हमला करने के मामले में फिल्म निर्देशक मणिशंकर के बेटे को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना एक मार्च को हुई, जब निर्देशक के बेटे प्रेम शंकर (40) एक इलेक्ट्रिक वाहन चला रहे थे, जो बैटरी खत्म होने के बाद रोड नंबर दो पर बंजारा हिल्स थानाक्षेत्र के निकट एक जंक्शन के पास बंद हो गया।
पुलिस के अनुसार कार मुख्य सड़क पर रुकने के कारण यातायात जाम हो गया, जिसके बाद एक महिला कांस्टेबल और एक होमगार्ड वहां पहुंचे और वाहन को हटाने की कोशिश की, लेकिन शंकर ने उन्हें ऐसा करने से रोका और होमगार्ड को धक्का दे दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “कांस्टेबल और होमगार्ड ने शंकर से कार से बाहर आने का अनुरोध किया ताकि वे कार को हटा सकें, लेकिन शंकर ने बाहर निकलने से इंकार करके होमगार्ड को धक्का दे दिया।”
पुलिस ने बाद में शंकर को कार से बाहर निकाला और वाहन को सड़क से हटा दिया, हालांकि शंकर वहां से भाग गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय सहिंता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करके बुधवार को शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
