scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशतृणमूल सांसद सौगत रॉय ने केंद्र की पश्चिम एशिया नीति की आलोचना की, भाजपा ने पलटवार किया

तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने केंद्र की पश्चिम एशिया नीति की आलोचना की, भाजपा ने पलटवार किया

Text Size:

कोलकाता, चार मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर केंद्र की प्रतिक्रिया और अमेरिका की भूमिका की आलोचना करते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नाराज न करने के लिए ‘जानबूझकर चुप्पी साधे हुए हैं।’

रॉय ने पत्रकारों से कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित देश (जिसकी एक लंबी राजनयिक विरासत है) होने के नाते भारत को ऐसे समय में असमंजस या अनिर्णय की स्थिति में नहीं दिखना चाहिए जब उसके पड़ोस में तनाव बढ़ रहा हो।

रॉय ने कहा, ‘मोदी सरकार की विदेश नीति स्पष्ट रूप से विफल है। ऐसा लगता है कि मोदी केवल डोनाल्ड ट्रंप को खुश रखने में व्यस्त हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत इतना विशाल देश है। हमारे ठीक बगल में युद्ध चल रहा है। हम चुप क्यों बैठे हैं?’’

रॉय की टिप्पणियों को अनुचित बताते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘ऐसे समय में जब हर भारतीय को हमारी विदेश नीति का समर्थन करना चाहिए, ऐसे बयान अनुचित हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था और अपनी पार्टी के कामकाज जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी इच्छा है कि रॉय दुनिया भर में सम्मान पाने वाली हमारी विदेश नीति के बारे में बात करने से परहेज करें।’

भाषा

शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments