इंफाल, चार मार्च (भाषा) मणिपुर के दो उपमुख्यमंत्रियों और दो मंत्रियों को बुधवार को विभाग आवंटित किये गए। एक सरकारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह को अभी “कोई विशेष विभाग” आवंटित नहीं किया गया है, जबकि कुकी समुदाय से संबंध रखने वाली उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन को पंचायती राज विभाग और पर्वतीय एवं आदिवासी विकास विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, एक और उपमुख्यमंत्री व नगा पीपुल्स फ्रंट के नेता एल. डिखो को सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग आवंटित किए गए हैं।
मंत्री गोविंददास कोंठुजाम को गृह और युवा मामले व खेल विभाग दिए गए हैं।
नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता के. लोकेन सिंह को कला एवं संस्कृति और पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि “मार्च के दूसरे सप्ताह में विधानसभा के बजट सत्र के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना है।”
नियम के अनुसार, 60 सदस्यीय विधानसभा वाले मणिपुर में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं।
राज्य में राष्ट्रपति शासन खत्म होने के बाद चार फरवरी को खेमचंद के नेतृत्व वाली सरकार ने शपथ ली थी। मणिपुर में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू था।
मणिपुर में पर्वतीय जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च के बाद तीन मई 2023 को हिंसा भड़क उठी थी। यह मार्च अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की बहुसंख्यक मेइती समुदाय की मांग के खिलाफ आयोजित किया गया था।
भाषा
जोहेब सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
