scorecardresearch
Wednesday, 8 April, 2026
होमदेशउप्र: गोरखपुर में भगवान नृसिंह की शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी

उप्र: गोरखपुर में भगवान नृसिंह की शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी

Text Size:

गोरखपुर, चार मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को होली पर निकाली गई ‘भगवान नृसिंह की रंगभरी शोभायात्रा’ में शामिल हुए और कहा कि मानवमात्र के जीवन में मर्यादा, जीवंतता, भक्ति व समरसता ही सनातन धर्म की ताकत है।

यह यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व श्री होलिकोत्सव समिति की ओर से निकाली गई थी।

मुख्यमंत्री ने यात्रा की शुरुआत के अवसर पर उपस्थित जैन समूह को संबोधित भी किया।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव के जीवन में मर्यादा, जीवंतता तथा भक्ति और समरसता ही सनातन धर्म की ताकत है।

उन्होंने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के लोगों को गर्व की अनुभूति करनी चाहिए कि मर्यादा, शाश्वत चेतना की जीवंतता, भक्ति का उल्लास और समरसता का भान कराने वाले सभी प्रमुख विरासत स्थल इसी प्रदेश में हैं।

योगी ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, केदारपुरी में भगवान केदारनाथ का भव्य धाम, बदरीनाथ में भव्य स्वरूप लेता भगवान बद्री विशाल का धाम, महाकाल लोकधाम, सोमनाथ धाम, जगन्नाथ धाम तथा रामेश्वरपुरी के भव्य स्वरूप का आनंद भारत को अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति कराता है।

मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा कि उनके ( प्रधानमंत्री मोदी के) नेतृत्व में विरासत का संरक्षण हो रहा है, साथ ही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना भी साकार हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष होली का पर्व इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि यह दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष है।

योगी ने कहा कि यह ऐसा संगठन है, जिसके सानिध्य में लाखों कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म की परंपरा और भारत की एकता-अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन लगा दिया।

भाषा सलीम अमित जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments