scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशभाजपा ने महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए तावड़े व आठवले समेत चार उम्मीदवारों की घोषणा की

भाजपा ने महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए तावड़े व आठवले समेत चार उम्मीदवारों की घोषणा की

Text Size:

मुंबई, चार मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र से आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बुधवार को चार उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री विनोद तावड़े शामिल हैं।

आठवले और तावड़े के अलावा पार्टी ने नागपुर की पूर्व महापौर माया चिंतामन इवनाते और विधान परिषद के पूर्व सदस्य रामराव वाडकुटे को भी द्विवार्षिक चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।

महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीट अप्रैल में रिक्त होने वाली हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 से अधिक विधायकों के साथ, भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन अपने चारों उम्मीदवारों को जिताने की स्थिति में है।

इस वर्ष महाराष्ट्र से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार, आरपीआई (ए) के प्रमुख आठवले, राकांपा (शप) की फौजिया खान, रजनी पाटिल (कांग्रेस), शिवसेना (उबाठा) की प्रियंका चतुर्वेदी और भाजपा नेता धनंजय पाटिल और भगवत कराड शामिल हैं।

मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच होगा और मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।

आज सुबह आठवले ने दक्षिण मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में उनसे मुलाकात की। आठवले के करीबी एक सूत्र ने बताया कि यह मुलाकात राज्यसभा चुनावों के सिलसिले में थी।

हिंगोली जिले के रहने वाले वाडकुटे ने मीडिया को बताया कि उन्हें भाजपा द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद नहीं थी। वह कुछ साल पहले ही सत्ताधारी पार्टी में शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा, “मैं भाजपा में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि मुझे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस पर भरोसा था। यह पार्टी जमीनी स्तर पर काम करती है। मैंने बदले में कुछ भी उम्मीद किए बिना सिर्फ अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया।”

तावडे ने उम्मीदवार बनाए जाने के लिए अपनी पार्टी के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वह ‘पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के नेतृत्व में, हम राष्ट्र कल्याण के लिए हर क्षण प्रतिबद्ध हैं। इस उम्मीदवारी के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी और राज्य अध्यक्ष रवि दादा चव्हाण जी को हार्दिक धन्यवाद!”

नागपुर की पूर्व महापौर इवनाते वर्तमान में नगर निकाय में पार्षद हैं।

भाषा

नोमान पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments