scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश: ‘यूट्यूबर’ पर हमले का दूसरा आरोपी भी मुठभेड़ में मारा गया

उत्तर प्रदेश: ‘यूट्यूबर’ पर हमले का दूसरा आरोपी भी मुठभेड़ में मारा गया

Text Size:

गाजियाबाद/लखनऊ, तीन मार्च (भाषा) ‘यूट्यूबर’ सलीम अहमद उर्फ ​​सलीम वास्तिक पर हुए हमले का दूसरा आरोपी भी मंगलवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,, ‘गाजियाबाद पुलिस ने लोनी थानाक्षेत्र में सलीम वास्तिक उर्फ वास्तविक पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।’

पोस्ट में कहा गया है कि अभियुक्त के कब्जे से दो अवैध हथियार व दिल्ली से चोरी किया गया दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

इससे पहले, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने लखनऊ में एक बयान में कहा कि 27 फरवरी को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से सलीम पर हमला करने का दूसरा आरोपी एक लाख रुपये का इनामी बदमाश गुलफाम मुठभेड़ में घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि खुद को ‘पूर्व मुस्लिम’ बताने वाले सलीम पर 27 फरवरी को लोनी के अली गार्डन इलाके में उसके कार्यालय में हेलमेट पहन कर आए दो मोटरसाइकिल सवारों ने हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने सलीम की गर्दन, पेट और कान पर धारदार हथियार से वार किए थे, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पहले लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, फिर दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि सलीम के बेटे उस्मान की शिकायत पर सात नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इस मामले में एक आरोपी जीशान एक मार्च को पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments