scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशअर्थजगतगुरुग्राम: फर्जी जीएसटी पंजीकरण गिरोह का भंडाफोड़

गुरुग्राम: फर्जी जीएसटी पंजीकरण गिरोह का भंडाफोड़

Text Size:

गुरुग्राम, तीन मार्च (भाषा) गुरुग्राम स्थित केंद्रीय माल एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर फर्जी जीएसटी पंजीकरण के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

इस गिरोह ने लोगों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की कर ठगी को अंजाम दिया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, यह गिरोह नकली दस्तावेजों के जरिये जीएसटी पंजीकरण कराकर काम कर रहा था। बाद में इन दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अनजान लोगों के नाम पर फर्जी कंपनियों का जीएसटी पंजीकरण कराया गया।

बयान में कहा गया कि अब तक की जांच में पता चला है कि सीजीएसटी गुरुग्राम क्षेत्र के अंतर्गत 24 फर्जी कंपनियां इसी तरीके से बनाई गई थीं। इन कंपनियों ने मिलकर 734.95 करोड़ रुपये के फर्जी बिल जारी किए। इसके जरिये 143.05 करोड़ रुपये का गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया और 174.72 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट आगे बढ़ाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 1,400 फर्जी कंपनियों के पंजीकरण के लिए आवेदन किया था।

उत्तर दिल्ली के बुराड़ी, स्वरूप नगर और मुकुंदपुर इलाकों में छापेमारी के दौरान एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे जीएसटी कानून 2017 के तहत पकड़ा गया है।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम की अदालत ने आरोपी को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments