scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशमणिपुर के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता यात्रा को हरी झंडी दिखायी, कुकी छात्रों से बातचीत की

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता यात्रा को हरी झंडी दिखायी, कुकी छात्रों से बातचीत की

Text Size:

इंफाल, तीन मार्च (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को पश्चिम इंफाल जिले के कीथेलमानबी से राष्ट्रीय एकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस अवसर पर उपस्थित कुकी छात्रों के साथ बातचीत की।

यात्रा की शुरुआत के अवसर पर सिंह ने कुकी छात्रों से पूछा कि क्या उन्होंने भोजन किया है। यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न समुदायों के 24 युवा सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए केरल, तमिलनाडु, कोलकाता और मुंबई जाएंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दौरे में भाग लेने वाले युवाओं के साथ संवाद सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने कुकी युवाओं से उनकी स्थानीय बोली में पूछा: ‘बु ना नेह ताह एम?’ (क्या आपने खाना खा लिया है?) छह कुकी युवाओं ने उत्तर दिया: ‘का ने ताई’ (हमने खाना खा लिया है)।

इसमें कहा गया है कि एकता और समावेशिता के प्रतीक के रूप में प्रत्येक समुदाय से एक सदस्य को मिलाकर एक समूह बनाया गया और उन्हें सामूहिक सद्भाव व साझा पहचान का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक झंडा सौंपा गया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज 33 असम राइफल्स, केइथेल मंबी गैरिसन में असम राइफल्स (दक्षिण) के आईजी और अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न समुदायों से 24 युवा प्रतिभागियों वाली राष्ट्रीय एकता यात्रा (एनआईटी) समूह को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना मेरे लिए खुशी की बात है।’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता यात्रा एक महत्वपूर्ण पहल है जिसका उद्देश्य संपर्क, समझ और साझा अनुभवों के माध्यम से एकता को बढ़ावा देना है।

भाषा

शुभम माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments