नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के चिराग दिल्ली इलाके में एक गिरोह से 43 गायों को मुक्त कराने में शामिल स्वयंसेवियों को आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को सम्मानित किया।
भारद्वाज ने कहा, ‘‘दिल्ली में, गौ माता की दयनीय स्थिति है। चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश, कोटला मुबारकपुर और मालवीय नगर जैसे इलाकों में हर चौक और कूड़े के ढेर पर गायें कूड़ा खाती नजर आती हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़े में डाली गई पॉलीथीन खाने से गायों की मौत हो रही है और दूषित दूध पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं।
भारद्वाज ने इसमें एक गिरोह का हाथ होने का दावा करते हुए कहा, ‘‘सुबह 8:30 बजे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता है और इन गायों को नाले की ओर ले जाता है। वहां गायों का दूध निकाला जाता है। इसके बाद, सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच उन्हें वापस सड़कों पर छोड़ दिया जाता है।’’
इसके बाद, ये गायें दिन भर शेख सराय, चिराग दिल्ली और सावित्री नगर इलाके में कूड़ा खाती नजर आती हैं और शाम को वही व्यक्ति उन्हें फिर से नाले में ले जाता है।
आप नेता ने कहा कि कुछ गायों को रिकॉर्ड में मृत दिखाया जाता है और बाद में उन्हें सड़कों पर छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कागजों पर गायों को मृत दिखाया जाता है, क्योंकि उन्हें गौशालाओं से खरीदा जाता है और फिर कूड़ा खाने के लिए खुला छोड़ दिया जाता है।’’
पिछले हफ्ते, आप ने दावा किया कि उसने दक्षिण दिल्ली के पंचशील नाले के नीचे छापा मारा और 43 गायों को मुक्त कराया।
पार्टी ने एक आधिकारिक बयान में कहा था कि भारद्वाज के नेतृत्व में चलाये गए इस अभियान के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद गायों को गौशाला भेज दिया गया।
हालांकि, दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि चिराग दिल्ली इलाके में कथित अवैध डेयरी का मामला भ्रामक, तथ्यात्मक रूप से गलत और राजनीतिक रूप से प्रेरित है।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
