छिंदवाड़ा, दो मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार तड़के एक कार सड़क किनारे स्थित गैराज में जा घुसी और उसमें आग लग गई। इस हादसे में 61 वर्षीय व्यक्ति और उसके पुत्र की जलकर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर सिवनी रोड पर हुआ।
उन्होंने बताया कि अमृत सिंह और उनके 22 वर्षीय पुत्र अर्जुन सिंह की जलती हुई कार में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि वाहन चला रहे अर्जुन को संभवतः झपकी आ गई, जिससे उसने कार पर नियंत्रण खो दिया।
भगत ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अमृत सिंह वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र के दिघावानी में अपने परिवार के साथ रहते थे।
उसने बताया कि पिता-पुत्र उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव से लौट रहे थे और हादसे के समय घर से लगभग 40 किलोमीटर दूर थे।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
