scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेश'इंडिया' गठबंधन के दलों की युवा इकाइयों ने युवा कांग्रेस का समर्थन किया

‘इंडिया’ गठबंधन के दलों की युवा इकाइयों ने युवा कांग्रेस का समर्थन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों की युवा इकाइयों ने सोमवार को भारतीय युवा कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के प्रति अपना समर्थन जताया।

चिब और युवा कांग्रेस के कई अन्य कार्यकर्ताओं को एआई समिट में विरोध प्रदर्शन के मामले में पिछले दिनों गिरफ्तार किया गया था।

भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों की युवा इकाइयों के संगठन ‘इंडिया यूथ फ्रंट’ (आईवाईएफ) ने राष्ट्रीय राजधानी में लोकतांत्रिक प्रदर्शनों पर लगाई गई कथित पाबंदियों पर चिंता व्यक्त की।

समाजवादी पार्टी के युवा नेता फहद अहमद ने कहा कि कांग्रेस और उसकी युवा शाखा का इतिहास देश के राजनीतिक विकास से निकटता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, ‘जब भी अन्याय हुआ है, इन संगठनों ने लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध किया है। अगर जंतर-मंतर जैसे नामित विरोध स्थल बंद कर दिए जाएंगे, तो नागरिक असहमति दर्ज कराने के लिए कहां जाएंगे?’

आईवाईएफ ने कहा कि सरकारें फैसले ले सकती हैं, लेकिन राष्ट्र किसी भी व्यक्ति से सर्वोपरि और बड़ा है।

युवा कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मौजूद नेताओं ने कहा कि विरोध प्रदर्शन ऐतिहासिक रूप से भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने का हिस्सा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया था। असहमति हमेशा लोकतांत्रिक परंपरा का अभिन्न अंग रही है।’

भाषा हक माधव अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments