पीलीभीत (उप्र), दो मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में 28 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि उसके परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में हुई इस घटना में मरने वाले व्यक्ति की पहचान हरिओम (28) के तौर पर हुयी है।
पुलिस के मुताबिक, लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए, और इस दौरान हरिओम की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि बीच-बचाव करने की कोशिश में हरिओम की पत्नी, उसकी नाबालिग बेटी और परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर सोमवार को 11 लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी ।
उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
