scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के शाह और सऊदी अरब के युवराज से बात की

प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के शाह और सऊदी अरब के युवराज से बात की

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को बहरीन के शाह हम्माद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के युवराज एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत की तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान दोनों देशों पर हुए हमलों की निंदा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के कुशलक्षेम के बारे में भी उनसे बात की।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने आज टेलीफोन पर बहरीन के शाह हम्माद बिन ईसा अल खलीफा से बात की। प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब के युवराज और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से भी बात की। प्रधानमंत्री ने इन दोनों देशों पर हुए हमलों की निंदा की।’’

यह बातचीत अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद हुई, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई, और ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन और सऊदी अरब सहित कई अन्य पश्चिम एशियाई देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों की ओर कई मिसाइलें दागीं।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान से बात की थी।

भाषा शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments