लखनऊ, एक मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक मोहन भागवत ने लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास केंद्र का रविवार को दौरा किया।
आरएसएस सूत्रों ने कहा, ‘‘राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मोहनलालगंज केंद्र में अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान भागवत ने वहां उपस्थित लोगों से बातचीत की और फिर वह लखनऊ से रवाना हो गए।’
भागवत इससे पहले 18 और 19 फरवरी को दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर थे। आरएसएस सूत्रों ने बताया कि पिछली बार के विपरीत, आरएसएस प्रमुख का कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं था।
इसी बीच, शनिवार शाम को गोरखपुर में आरएसएस के पदाधिकारियों ने श्री राम लीला मैदान में भगवान नरसिम्हा की होली की शोभायात्रा की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक बैठक की।
आयोजकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रांत प्रचारक रमेश और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रांत प्रचारक रमेश ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि घंटाघर से शुरू होने वाली यह शोभायात्रा सामाजिक एकता का संदेश फैलाती है।
भगवान नरसिम्हा की भव्य रंगभरी शोभायात्रा चार मार्च को सुबह नौ बजे से निकाली जाएगी।
यह घंटाघर चौक से शुरू होकर बंधु सिंह पार्क, सराफा भवन, शेखपुर, श्री राम जानकी मंदिर, लाल दिग्गी, मिर्जापुर, घासीकात्रा, जाफरा बाजार, बेनीगंज, आर्य नगर, रेती का पुल, बख्शीपुर और रेती चौक से होते हुए घंटाघर पर ही समाप्त होगी। शोभायात्रा शुरू होने से पहले आरती की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि प्रेमचंद नगर, गीता नगर और आर्य नगर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किए जाएंगे।
भाषा अरुणव मनीष आनन्द सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
